भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता कब लागू होगा? पीएम मोदी ने बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री मोदी जी-7 समिट के लिए फ़्रांस में हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता इस साल 15 जुलाई से लागू हो जाएगा.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "यह जानकर खुशी हुई कि भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता 15 जुलाई 2026 से लागू होगा. यह समझौता हमारे द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को काफी बढ़ावा देगा."
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा, "इससे भारतीय किसानों, मज़दूरों, एमएसएमई, स्टार्टअप और इनोवेटर्स के लिए कई अवसर खुलेंगे और 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा."
"जी7 शिखर सम्मेलन के लिए एवियन में मौजूद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर और मैं, दोनों ही हमारे आर्थिक संबंधों को मिल रही इस नई गति से बहुत खुश हैं."
कोटा में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में क्या बोले राहुल गांधी?
इमेज स्रोत, x.com/INCIndia
इमेज कैप्शन, कोटा में छात्रों को संबोधित करते कांग्रेस नेता राहुल गांधी
कांग्रेस नेता और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को राजस्थान के कोटा में 'छात्रों की गूंज' नामक कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस सभा में राहुल गांधी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे.
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, "कोटा में आप सबके सामने खड़े होकर मुझे बहुत खुशी और सम्मान महसूस हो रहा है. मैं यह साफ़ कर देना चाहता हूं, यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है."
"यह आपके और आपके भविष्य के बारे में है. यह शाम आपके बारे में है, उन हालात के बारे में जिनका आप सामना कर रहे हैं और उन चुनौतियों के बारे में जिनसे आप हर दिन जूझते हैं."
उन्होंने आगे कहा, "'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान, मैं लाखों ऐसे युवाओं से मिला जो डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, आईएएस अधिकारी बनना चाहते थे और सेना में शामिल होना चाहते थे. उस समय मेरे मन में एक सवाल आया, हमारे देश का शिक्षा सिस्टम इन युवाओं को सिर्फ़ पांच विकल्प ही क्यों दे रहा है?"
"फिर, यात्रा के दौरान मैंने कुछ लड़कियों से बात की और पूछा, तुम सच में दिल से क्या करना चाहती हो? और उन सभी ने इन पांच पेशों से अलग-अलग जवाब दिए. यानी, देश का शिक्षा सिस्टम बच्चों के सपनों को पूरा नहीं कर रहा है; बल्कि उन्हें बस विकल्प दे रहा है."
भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को दूसरे वनडे में 170 रनों से हराया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत ने पहले बल्लेबाज़ करते हुए 402 रन बनाए थे
भारतीय क्रिकेट टीम ने बुधवार को लखनऊ में खेले गए दूसरे वनडे में अफ़ग़ानिस्तान को 170 रनों से हरा दिया.
भारत ने पहले बल्लेबाज़ करते हुए 402 रन बनाए थे. लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफ़ग़ानिस्तान 232 रन पर ऑल आउट हो गई.
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को प्लेयर ऑफ़ द मैच दिया गया.
भारत की ओर से शुभमन ने सबसे ज़्यादा, 154 रन बनाए. इशान किशन ने 79 गेंदों में 125 रन बनाए.
पूर्व भारतीय कप्तान अज़हरुद्दीन ने वैभव सूर्यवंशी को दी ये सलाह
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मीडिया से बात करते भारत के पूर्व कप्तान और कांग्रेस नेता मोहम्मद अज़हरुद्दीन
भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने युवा भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को रक्षात्मक खेलने की सलाह दी है.
वैभव के बारे में पूछे जाने पर अज़हरुद्दीन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह आगे भी खेल पर अपना दबदबा बनाए रखेंगे, लेकिन किसी समय उन्हें थोड़ा रक्षात्मक खेलना भी सीखना होगा.
मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा, "वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, एक बेहतरीन खिलाड़ी. इतनी कम उम्र में जिस तरह का खेल वह खेल रहे हैं, उसकी कल्पना भी कोई नहीं कर सकता. मैं उनके लिए बहुत खुश हूं. मैं दिल से उम्मीद करता हूं कि वह आगे भी खेल पर अपना दबदबा बनाए रखें, लेकिन ज़रूरत पड़ने पर उन्हें थोड़ा रक्षात्मक भी खेलना होगा."
बुधवार को अफ़ग़ानिस्तान ए के ख़िलाफ़ वैभव ने 28 गेंदों में 38 रन बनाए.
आयुष मलिक मामले में 'फ़ेक और एआई कंटेंट' को लेकर तीन नई एफ़आईआर, दिलनवाज़ पाशा, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, AYUSH Malik Social Media
इमेज कैप्शन, आयुष मलिक का दावा है कि उन्होंने अपनी मर्ज़ी से इस्लाम धर्म अपनाया और मोहम्मद अली नाम रखा
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली में आयुष मलिक के इस्लाम क़ुबूल करने के मामले में शामली पुलिस ने तीन और एफ़आईआर दर्ज की हैं. ये एफ़आईआर आयुष मलिक के धर्म-परिवर्तन के मुक़दमे से अलग हैं.
शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से बात करते हुए कहा, “आयुष मलिक प्रकरण में सोशल मीडिया पर फ़ेक और एआई-जनरेटेड कंटेंट शेयर करने के मामले में शामली पुलिस ने तीन मुक़दमे दर्ज किए हैं.”
एसपी के मुताबिक़, "कई सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर एक महिला को आयुष की बहन बताकर कंटेंट शेयर किया गया. इस संबंध में एक एफ़आईआर दर्ज की गई है. दो अन्य एफ़आईआर आयुष मलिक के एआई-जनरेटेड वीडियो शेयर करने से जुड़ी हैं."
शामली पुलिस के मुताबिक़, आयुष मलिक मामले में गठित शामली पुलिस की एसआईटी इन एफ़आईआर की भी जांच करेगी.
पुलिस अधीक्षक ने बीबीसी से कहा, "फ़र्ज़ी कंटेंट की जांच के दौरान शामली पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया था. उससे एक अवैध पिस्टल भी बरामद हुई है. उसे जेल भेज दिया गया है."
उन्होंने कहा, "अभी पुलिस की टीमें महाराष्ट्र गई हैं. वहां संदिग्धों से पूछताछ की जाएगी. अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं और गिरफ़्तारी की धाराएं बनती हैं, तो आगे और भी गिरफ़्तारियां होंगी."
तस्वीर पर विवाद
हाल के दिनों में आयुष मलिक की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की गई थी, जिसमें वो क्लीन शेव में दिख रहे हैं.
इस तस्वीर को लेकर पुलिस अधीक्षक ने बीबीसी से कहा, "अभी हम यह जांच कर रहे हैं कि यह तस्वीर एआई-जनरेटेड है या नहीं. आयुष ने शेव करवाई है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी पुलिस नहीं कर सकती. आयुष अपने परिजनों के साथ है. उसके परिवार ने पुलिस से अनुरोध किया है कि फ़िलहाल उन्हें अकेला छोड़ दिया जाए."
हालांकि, इस प्रकरण पर ग्राउंड रिपोर्ट के लिए जब बीबीसी की टीम शामली में थी, तब आयुष मलिक अपने घर पर ही थे और वहां पुलिस का सख़्त पहरा था. शामली पुलिस आयुष मलिक से किसी से मुलाक़ात नहीं करने दे रही थी.
आयुष मलिक का आख़िरी सार्वजनिक बयान 8 जून को आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने अपनी मर्ज़ी से, बिना किसी दबाव के इस्लाम धर्म अपनाया है.
आयुष मलिक के धर्म-परिवर्तन के मामले में शामली पुलिस ने उनकी तथाकथित पत्नी चांदनी क़ुरैशी और उनके पिता को गिरफ़्तार किया था. चांदनी के एक अन्य रिश्तेदार को भी बाद में इस मामले में गिरफ़्तार किया गया.
'वीबी जी राम जी' के खिलाफ मज़दूर संगठनों का विरोध, 'मनरेगा' बहाल करने की मांग
इमेज स्रोत, NREGA Sangharsh Morcha
इमेज कैप्शन, नरेगा संघर्ष मोर्चा ने 'वीबी जी राम जी' को वापस लेकर 'मनरेगा' को बहाल करने की मांग की
केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित 'विलेज बेस्ड गारंटीड रूरल एम्प्लॉयमेंट मिशन' (वीबी जी राम जी) के ड्राफ्ट नियमों का बुधवार को दिल्ली के प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया में विभिन्न मज़दूर संगठनों और रोजगार अधिकार कार्यकर्ताओं ने विरोध किया है.
उनका आरोप है कि यह प्रस्ताव महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमज़ोर करता है और ग्रामीण मज़दूरों के काम के अधिकार पर असर डाल सकता है.
बुधवार को जारी एक प्रेस बयान में नरेगा संघर्ष मोर्चा, अखिल भारतीय कृषि मज़दूर यूनियन और दूसरे संगठनों ने कहा कि सरकार 'वीबी जी राम जी' को मनरेगा के विकल्प के रूप में पेश कर रही है और इसमें प्रति परिवार 125 दिनों के रोजगार की गारंटी का दावा किया गया है.
हालांकि, संगठनों का कहना है कि प्रस्तावित फंड आवंटन इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है.
नरेगा संघर्ष मोर्चा से जुड़े निखिल डे ने आरोप लगाया कि नए ढांचे में राज्यों की भूमिका सीमित कर दी गई है और इससे संघीय व्यवस्था कमज़ोर होगी.
उन्होंने 'वीबी जी राम जी' को वापस लेकर 'मनरेगा' को बहाल करने की मांग की.
मज़दूर संगठनों ने डिजिटल हाजिरी, ई-केवाईसी, फेशियल रिकग्निशन और नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम से जुड़ी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया.
राजस्थान, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के मज़दूरों ने दावा किया कि नेटवर्क की समस्या, तकनीकी खामियों और पहचान संबंधी त्रुटियों के कारण उन्हें काम और मज़दूरी पाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
अखिल भारतीय कृषि मज़दूर यूनियन के महासचिव बी. वेंकट ने घोषणा की कि 1 जुलाई से देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे, जो 'वीबी जी राम जी' को वापस लेने तक जारी रहेंगे.
संगठनों ने यह भी आरोप लगाया कि ड्राफ्ट नियमों में कानूनी न्यूनतम मज़दूरी की कोई स्पष्ट गारंटी नहीं दी गई है. उन्होंने केंद्र सरकार से 'वीबी जी राम जी' को रद्द करने, मनरेगा को मज़बूत रूप में जारी रखने और डिजिटल उपस्थिति व बायोमेट्रिक आधारित प्रणालियों को समाप्त करने की मांग की है.
देहरादून: नीट की तैयारी कर रही युवती मृत मिली, सुसाइड नोट बरामद, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रही एक युवती अपने घर में मृत मिली है.
पुलिस के अनुसार, पटेलनगर थाना क्षेत्र के चंद्रबनी स्थित सेवला कला इलाके में रहने वाली 23 वर्षीय रिया ने मंगलवार सुबह आत्महत्या कर ली.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. यदि आप तनाव या मानसिक परेशानी से गुजर रहे हैं, तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800-233-3330 पर संपर्क कर सहायता ले सकते हैं. आप अपने दोस्तों, परिजनों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से भी बात कर सकते हैं.)
परिजनों ने बताया कि वह सोमवार रात अपने कमरे में पढ़ाई करने के बाद सोने गई थी. मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे जब काफी देर तक कमरे का दरवाज़ा नहीं खुला तो परिवार के लोगों ने उसे आवाज़ लगाई. कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाज़ा खोला गया, जहां रिया मृत अवस्था में मिली.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने क्या बताया?
इमेज स्रोत, Photo: ASIF ALI
इमेज कैप्शन, पुलिस सुसाइड नोट की भी जांच कर रही है ( सीओ अंकित कंडारी, फ़ाइल फ़ोटो)
देहरादून सदर के सीओ अंकित कंडारी ने बीबीसी हिन्दी को बताया कि रिया के पास से अंग्रेजी में लिखा एक संक्षिप्त सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिसकी जांच की जा रही है.
सीओ कंडारी के अनुसार, रिया के पिता सेना से रिटायर्ड हैं और उनकी मां गृहिणी हैं. उनका एक छोटा भाई और एक बहन हैं.
वह देहरादून के डीएवी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रही थी और साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही थी.
पुलिस का कहना है कि अभी आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है. परिजनों ने भी पुलिस को बताया है कि रिया किसी विशेष तनाव में नहीं थी.
अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को दिया 403 रनों का लक्ष्य, शुभमन ने बनाए 154 रन
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इस मैच में भारतीय टीम 49.5 ओवर में 402 रन बनाकर ऑलआउट हो गई
भारत ने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ खेले जा रहे दूसरे वनडे में 402 रन बनाए हैं. अफ़ग़ानिस्तान को जीत के लिए 403 रनों की ज़रूरत होगी.
इस मैच में भारतीय टीम 49.5 ओवर में 402 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
भारत की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने सबसे ज़्यादा, 154 रन बनाए हैं. उन्होंने अपनी इस पारी में 22 चौके और 2 छक्के लगाए हैं.
वहीं भारतीय बल्लेबाज़ इशान किशन ने 79 गेंदों में 125 रन बनाए हैं. इसके अलावा रोहित शर्मा ने 48 रनों का योगदान दिया.
वहीं अफ़ग़ान गेंदबाज़ नांगेलिया खरोटे ने 4 विकेट चटकाए हैं. इसके अलावा राशिद ख़ान ने 3 विकेट लिए.
कार्टून: अपना वोट ट्रेक करो
इमेज कैप्शन, पार्टियों में फूट और नेताओं के पार्टी बदलने पर आज का कार्टून.
अलवर की नीट स्टूडेंट ने दिल्ली में की आत्महत्या, अशोक गहलोत बोले, 'कितनी जानें लेगा मोदी सरकार का यह फेल सिस्टम?', मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अशोक गहलोत ने बयान जारी कर कहा, "नीट पेपर लीक की मोदी सरकार की कारगुजारी ने एक और बच्ची की जान ले ली है"(फ़ाइल फ़ोटो)
नीट पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी. अब यह परीक्षा 21 जून को होगी. लेकिन इससे पहले, पिछले दो दिनों में राजस्थान के दो नीट अभ्यर्थियों ने आत्महत्या कर ली है.
बीते दिन सीकर में एक नीट छात्र ने आत्महत्या की थी और अब अलवर की रहने वाली रेणु मीणा ने दिल्ली में आत्महत्या कर ली है. पेपर लीक होने के बाद से अब तक देश में नौ छात्रों की आत्महत्या की खबरें सामने आ चुकी हैं.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. यदि आप तनाव या मानसिक परेशानी से गुजर रहे हैं, तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800-233-3330 पर संपर्क कर सहायता ले सकते हैं. आप अपने दोस्तों, परिजनों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से भी बात कर सकते हैं.)
छात्रा की आत्महत्या के मामले में अशोक गहलोत ने बयान जारी कर कहा, "नीट पेपर लीक को लेकर केंद्र सरकार की विफलता ने एक और बच्ची की जान ले ली है. दिल्ली में तैयारी कर रही भनोखर गांव, अलवर की रेणु मीणा की आत्महत्या बेहद दुखद है."
अशोक गहलोत ने आगे कहा, "मीडिया में आई जानकारी के अनुसार, नीट परीक्षा रद्द होने से वह निराश थी. मोदी सरकार का यह विफल सिस्टम और कितनी जानें लेगा? कल ही उमेश माली की आत्महत्या की खबर आई थी, जबकि इससे पहले प्रदीप मेघवाल ने भी जान दे दी थी."
उन्होंने आगे कहा, "जो बच्चे कल डॉक्टर बनकर मरीजों की जान बचाते, वे आज खुद आत्महत्या कर रहे हैं. इससे अधिक निराशाजनक स्थिति और क्या हो सकती है? लेकिन मोदी सरकार को इसकी परवाह नहीं है."
कप्तान शुभमन गिल और इशान किशन ने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ शतक जड़े
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, शुभमन गिल ने 78 गेंदों पर शतक बनाया है
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल और इशान किशन ने बुधवार को अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में शतक जड़ा है.
शुभमन गिल ने 78 गेंदों पर 100 रन बनाए. उन्होंने अपनी इस पारी में 13 चौके और 2 छक्के लगाए हैं.
इशान किशन ने भी 71 गेंदों पर 100 रन पूरा किया. उन्होंने इस पारी में 14 चौके और 4 छक्के लगाए हैं.
चुनाव बाद हुई हिंसा के मामले में पूर्व मंत्री और टीएमसी नेता उदयन गुहा गिरफ़्तार, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Photo: UDAYAN GUHA/FB
इमेज कैप्शन, कूचबिहार पुलिस ने उदयन गुहा को कोलकाता से गिरफ़्तार किया है (फ़ाइल फ़ोटो)
चुनाव के बाद हुई हिंसा के एक पुराने मामले में पुलिस ने टीएमसी नेता और पूर्व उत्तर बंगाल विकास मंत्री उदयन गुहा को बुधवार को गिरफ़्तार कर लिया.
कूचबिहार पुलिस ने उन्हें कोलकाता से गिरफ़्तार किया है। इसके बाद उन्हें फूलबागान थाने ले जाया गया.
पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि गुहा को ट्रांजिट रिमांड पर उत्तर बंगाल ले जाया जाएगा.
इस साल हुए विधानसभा चुनाव में हार के बाद गुहा ने कूचबिहार छोड़ दिया था और कोलकाता में रह रहे थे.
दिनहाटा के भाजपा विधायक अजय राय ने उदयन की गिरफ़्तारी पर पत्रकारों से कहा, "उनके ख़िलाफ़ कई मामले हैं. इनमें भाजपा कार्यकर्ता रतन बर्मन की हत्या, आवास योजना में कटमनी लेने तथा वर्ष 2021 में चुनाव बाद हुई हिंसा से जुड़े मामले शामिल हैं."
उदयन गुहा अक्तूबर 2015 में फ़ॉरवर्ड ब्लॉक छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे. वह 2011 में कूचबिहार ज़िले की दिनहाटा सीट से फ़ॉरवर्ड ब्लॉक के टिकट पर जीते थे. वर्ष 2016 में उसी सीट पर वे तृणमूल के टिकट पर चुनाव जीते थे. उनके पिता कमल गुहा राज्य की पूर्व वाममोर्चा सरकार में मंत्री रहे हैं.
उदयन वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा नेता और मौजूदा केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रामाणिक से हार गए थे. लेकिन बाद में निशीथ के विधायक पद से इस्तीफ़ा देने के बाद उस सीट पर हुए उपचुनाव में उदयन भारी मतों के अंतर से जीते थे.
उपचुनाव जीतने के बाद ममता मंत्रिमंडल में उन्हें उत्तर बंगाल विकास मंत्री बनाया गया था. लेकिन इस साल हुए चुनाव में वे बीजेपी उम्मीदवार से 17 हज़ार से भी अधिक वोटों के अंतर से हार गए थे.
संजय मांजरेकर बोले, 'अगर मैं कोच होता तो वैभव को अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ टीम में शामिल नहीं करता'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, संजय मांजरेकर ने कहा है कि मैदान पर शारीरिक रूप से आक्रामक होना या हाथापाई करना ठीक नहीं है (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अगर वो इंडिया-ए के कोच या मैनेजर होते, तो अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ खेले जा रहे मैच के लिए वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल नहीं करते.
दरअसल, सोमवार को श्रीलंका ए से सुपर ओवर में भारत ए की हार के बाद वैभव की मैदान पर विपक्षी श्रीलंकाई क्रिकेटर के साथ तीखी बहस और धक्का-मुक्की हो गई थी. इसके बाद से वैभव की काफ़ी आलोचना हुई.
बुधवार को अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ वैभव ने 28 गेंदों में 38 रन बनाए.
संजय मांजरेकर ने एक्स पर लिखा, "अगर मैं इंडिया ए का कोच या मैनेजर होता, तो अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ इस मैच के लिए वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल नहीं करता. ऐसा सिर्फ़ उन्हें यह समझाने के लिए करता कि मैदान पर शारीरिक रूप से आक्रामक होना या हाथापाई करना ठीक नहीं है, चाहे उकसाने की वजहें कुछ भी रही हों."
कॉकरोच जनता पार्टी ने कहा, 'टेलीग्राम का इस्तेमाल केवल ग़लत काम के लिए नहीं होता'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी ने टेलीग्राम पर प्रतिबंध के सरकार के फ़ैसले पर सवाल उठाया है
नीट यूजी परीक्षा 2026 से पहले टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने के सरकारी फ़ैसले का कॉकरोच जनता पार्टी ने विरोध किया है.
'कॉकरोच जनता पार्टी- बिहार' ने एक्स पर लिखा, ''सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए टेलीग्राम पर बैन लगा दिया है, लेकिन क्या अधिकारियों ने यह भी सोचा कि टेलीग्राम का इस्तेमाल सिर्फ़ गलत काम के लिए ही नहीं होता?''
सीजेपी ने आगे लिखा, ''हज़ारों स्टूडेंट्स नोट्स, स्टडी मटीरियल और पढ़ाई से जुड़े रोज़ाना अपडेट के लिए टेलीग्राम पर निर्भर रहते हैं. अब उन स्टूडेंट्स को क्या करना चाहिए? क्या टेलीग्राम पर बैन लगाना ही एकमात्र समाधान है? पेपर लीक में शामिल लोग आसानी से दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जा सकते हैं, क्योंकि सभी प्लेटफॉर्म पर बैन नहीं है.''
कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है, "यह कब समझा जाएगा कि असली समाधान दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई करना है न कि पूरे प्लेटफॉर्म को बंद करना."
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'टेलीग्राम' पर 22 जून तक प्रतिबंध लगा दिया है. नीट परीक्षा का संचालन करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने सरकार के इस क़दम का स्वागत किया है.
दूसरी ओर इस प्रतिबंध का टेलीग्राम समेत कई अन्य लोगों ने विरोध किया है.
लाइव लॉ के मुताबिक़ टेलीग्राम ने सरकार के इस फ़ैसले को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है, जिसे आज ही तत्काल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है.
अब तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी की मुलाक़ात से पहले केजरीवाल ने की ये अपील
इमेज स्रोत, Evelyn Hockstein-Pool/Getty Images
इमेज कैप्शन, फ़्रांस में जी-7 की मीटिंग के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप और पीएम मोदी
फ़्रांस में पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच आज यानी बुधवार शाम को मीटिंग होनी है.
इससे पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी से अपील की है.
केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो में कहा, ''प्रधानमंत्री जी ट्रंप को आज आप साफ़-साफ़ शब्दों में बोल दीजिए. ट्रंप ने मिसाइल दाग़ कर हमारे तीन भारतीयों को मार डाला. उनको भारत के 140 करोड़ लोगों का स्पष्ट संदेश दे दीजिए कि भारत के लोग बहुत नाराज़ हैं.''
केजरीवाल ने कहा, "भारत एक महान देश है, एक शक्तिशाली देश है. भारत इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा. प्रधानमंत्री जी तीन भारतीयों को मार डाला गया और आपने एक ट्वीट तक नहीं किया. आपने एक संदेश तक नहीं दिया. आपने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना तक नहीं की."
केजरीवाल ने पीएम मोदी से अपील की, "हमें एक शक्तिशाली और बहादुर प्रधानमंत्री की ज़रूरत है. हमें कमज़ोर प्रधानमंत्री नहीं चाहिए. हमें चुप रहने वाला प्रधानमंत्री नहीं चाहिए. आज आपको भारत के लोगों का गुस्सा और उनका दुख ट्रंप को बताना पड़ेगा. ट्रंप को भारत के लोगों से माफ़ी मांगनी पड़ेगी."
पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप जी-7 के सम्मेलन में शामिल होने के लिए फ़्रांस गए हुए हैं.
क़रीब एक सप्ताह पहले ओमान की खाड़ी में एमटी सेटेबेलो शिप पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी. इस जहाज़ पर 24 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें से 21 को बचा लिया गया था.
इस मामले में भारत में विपक्षी दल सरकार पर हमलावर हैं और अमेरिका के सामने कमज़ोर रुख़ अपनाने का आरोप लगा रहे हैं.
अमेरिकी हमले में मारे गए दो नाविकों के शव भारत पहुंचे
इमेज स्रोत, Saurabh Chauhan/@CMOFFICEHP
इमेज कैप्शन, शिवानंद चौरसिया (बाएं) और आदित्य शर्मा की ओमान तट के पास जहाज़ पर हुए हमले में मौत हुई थी (फ़ाइल फ़ोटो)
ओमान की खाड़ी में एमटी सेटेबेलो शिप पर हुए हमले में जान गंवाने वाले आदित्य शर्मा और शिवानंद चौरसिया के शव भारत वापस आ गए हैं.
मस्कट में भारतीय दूतावास ने इसकी जानकारी दी है.
दूतावास ने एक्स पर लिखा, "इस मुश्किल समय में हमारी गहरी संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं."
क़रीब एक सप्ताह पहले ओमान की खाड़ी में एमटी सेटेबेलो शिप पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी. इस जहाज़ पर 24 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें से 21 को बचा लिया गया था.
मृतकों में उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले शिवानंद चौरसिया, हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर ज़िले के रहने वाले आदित्य शर्मा और आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के रहने वाले पटनाला सुरेश शामिल हैं.
इस शिप पर शिवानंद इंजन फिटर के रूप में तैनात थे, जबकि आदित्य शर्मा डेक कैडेट और पटनाला सुरेश चीफ़ इंजीनियर थे.
इस मामले में भारत में विपक्षी दलों ने सरकार पर हमला बोला और अमेरिका के सामने कमज़ोर रुख़ अपनाने का आरोप लगाया है.
टेलीग्राम ने बैन लगाने के सरकार के फ़ैसले को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, केंद्र सरकार ने मंगलवार को टेलीग्राम पर एहतियातन अस्थायी प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी (सांकेतिक तस्वीर)
केंद्र सरकार ने भारत में टेलीग्राम के इस्तेमाल पर 22 जून तक रोक लगा दी है, इस फ़ैसले को चुनौती देते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई है.
लाइव लॉ के मुताबिक़ यह याचिका जस्टिस तेजस करिया की कोर्ट में मेंशन की गई, जिन्होंने इसे आज ही तत्काल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने की अनुमति दे दी.
इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'टेलीग्राम' पर 22 जून तक प्रतिबंध लगा दिया है.
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के मुताबिक़, सरकार ने यह क़दम 21 जून को दोबारा होने वाली नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा के मद्देनज़र उठाया है.
नीट (यूजी) 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी लेकिन पेपर लीक होने के बाद इसे रद्द कर दिया गया था.
सरकार के इस कदम की कई लोगों ने आलोचना की है और कहा है कि इस तरह के फ़ैसले से पेपर लीक को नहीं रोका जा सकता है.
कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम ने सरकार के इस फ़ैसले के बारे में तंज किया, "वाकई टेलीग्राम पर पाबंदी लगाना पेपर लीक को रोकने के लिहाज से एक मास्टर स्ट्रोक है."
टेलीग्राम मैसेंजर ने इसके जवाब में एक एक्स पोस्ट में लिखा, ''आपको सभी शॉपिंग मॉल भी बंद कर देने चाहिए क्योंकि उनमें से किसी एक में चोरी हो सकती है. और सड़कें भी बंद कर देनी चाहिए क्योंकि मैंने सुना है कि कोई तेज़ रफ़्तार से गाड़ी चला रहा था.''
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: लियोनेल मेसी ने अल्जीरिया के ख़िलाफ़ लगाई हैट्रिक, तस्वीरों में
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अल्जीरिया के ख़िलाफ़ गोल दाग़ने के बाद जश्न मनाते मेसी
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के ग्रुप जे के एक मुक़ाबले में अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी ने अल्जीरिया के ख़िलाफ़ हैट्रिक लगाई है. टीम के लिए लगातार तीन गोल दाग़ते हुए मेसी ने वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मेसी ने अब तक फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में 16 गोल किए हैं और उन्होंने जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोस की बराबरी कर ली है
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, वर्ल्ड कप में गोल करने के लिहाज से मेसी ने ब्राज़ील के रोनाल्डो (15 गोल) को पीछे छोड़ दिया है
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मेसी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3-0 से हराकर जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज़ किया है
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, अल्जीरिया के ख़िलाफ़ तीसरा गोल दाग़ते हुए मेसी